आगरा। जिले में बिजली के बेतहाशा बढ़े बिलों ने उपभोक्ताओं की रातों की नींद उड़ा दी है। स्मार्ट मीटर लगने के बाद से बिलों में आ रहीं गड़बड़ियों से परेशान लोग बिजली विभाग के चक्कर काटने को मजबूर हैं। हाल ही में 584 उपभोक्ताओं ने बिल सुधार के लिए आवेदन किए हैं। बढ़ते जनाक्रोश को देखते हुए डीवीवीएनएल ने विशेष अभियान चलाकर उपभोक्ताओं के बिलों को दुरुस्त कराने की मुहिम शुरू कर दी है।
विद्युत बिलों में गड़बड़ी दूर करने और भारी-भरकम बिलों को दुरुस्त करने के लिए विभाग ने एक विशेष अभियान की शुरुआत की है। आगरा जोन के मुख्य अभियंता कपिल सिंधवानी के निर्देशों के बाद अब सभी एसडीओ, अधिशासी अभियंता और अधीक्षण अभियंताओं को उपभोक्ताओं की समस्याओं का मौके पर ही समाधान करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। मुख्य अभियंता ने स्पष्ट किया है कि बिजली बिल से जुड़ी किसी भी शिकायत के मिलते ही उसे सबसे पहले हेल्पलाइन नंबर 1912 पर पंजीकृत किया जाएगा। इसके बाद एक तारीख तय करके संबंधित उपभोक्ता को कार्यालय में बुलाया जाएगा और विभागीय त्रुटियों को सुधारकर उनकी पूरी संतुष्टि की जाएगी। विभाग की प्राथमिक जांच में यह बात सामने आई है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद ज्यादातर बिलों में वृद्धि का कारण वर्तमान खपत नहीं बल्कि पिछला बकाया जुड़कर आना है। इस तकनीकी वजह और बकाए के गणित को लेकर उपभोक्ताओं के बीच काफी असमंजस बना हुआ है। अब अधिकारी खुद आमने-सामने बैठकर उपभोक्ताओं की इस भ्रांति को दूर करेंगे और बिल का पूरा हिसाब स्पष्ट करेंगे।