यूपी – अलीगढ़: विधानसभा पास लगी विधायक की स्कॉर्पियो थाने खिंचवाई, नाराज हुए छर्रा विधायक, बोले- शासन तक ले जाऊंगा – INA

गाड़ी पर विधायक लिखा था। विधानसभा का अधिकृत पास भी लगा था फिर भी सारसौल में खड़ी स्कॉर्पियो को बुधवार रात पुलिस बन्नादेवी थाने ले आई। गाड़ी छर्रा विधायक ठाकुर रवेंद्र पाल सिंह की निकली। विधायक ने एसपी सिटी से नाराजगी जताई तो गाड़ी छोड़ दी गई। विधायक ने कहा है कि इस प्रकरण को वह शासन तक पहुंचाएंगे।

गाड़ी को उठाए जाने पर बन्नादेवी थाने में बुधवार रात एक घंटे तक हाई वोल्टेज ड्रामा चला। दरअसल, एसपी सिटी आदित्य बंसल बुधवार को सीओ द्वितीय धनंजय और पुलिस बल के साथ शहर में पैदल गश्त कर रहे थे। इसी दौरान सारसौल में विधायक लिखी स्कॉर्पियो खड़ी दिखाई दी। पुलिस ने गाड़ी खिंचवाकर बन्नादेवी थाने पहुंचवा दिया। गाड़ी के साथ मौजूद लोगों ने इसका विरोध किया। थाने भी पहुंच गए मगर उनकी नहीं सुनी गई।

विधायक रवेंद्र पाल सिंह के मुताबिक, गाड़ी खैर निवासी उनके रिश्तेदारों के पास रहती है। उस पर लखनऊ से जारी विधानसभा का अधिकृत पास भी लगा हुआ है। आरोप है कि गाड़ी के साथ मौजूद लोगों ने पुलिस को बताया कि गाड़ी विधायक की है लेकिन उनकी बात नहीं सुनी गई। गाड़ी को थाने ले जाने का विरोध करने पर पुलिस ने चालक का मोबाइल भी छीन लिया।

तब विधायक ने फोन पर एसपी सिटी से नाराजगी जताई। उस समय वह छर्रा क्षेत्र में रामलीला आयोजन में मौजूद थे। विधायक ने गाड़ी को इस तरह थाने ले जाने को जनप्रतिनिधि की गरिमा के खिलाफ बताते हुए मामला शासन तक पहुंचाने की बात कही।


Credit By Amar Ujala

Back to top button