खबर शहर , Agra News: व्यवस्था बनी काल…गर्भ में ही मर गया लाल – INA

बाह(आगरा)। सिस्टम की सुस्ती और प्रशासनिक लापरवाही ने एक अजन्मे की जिंदगी छीन ली। सड़क के गड्ढे में एंबुलेंस फंसने से प्रसूता समय से अस्पताल नहीं पहुंच सकी। इसके कारण गर्भ में ही मासूम की मौत हो गई। डॉक्टराें के महिला की जान बच सकी। परिजन व ग्रामीणों ने एसडीएम से शिकायत कर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
2 सितंबर की रात गढ़वार गांव प्रवेंद्र की पत्नी निधि को प्रसव पीड़ा हुई। रात 1 बजे परिजन ने कॉल कर एंबुलेंस बुलाई। कुछ देर में ही पहुंची एंबुलेंस गांव के मुख्य मार्ग पर बने गड्ढे में फंस गई। चालक के काफी प्रयास के बाद भी एंबुलेंस नहीं निकली। इसके बाद ग्रामीणों ने ट्रैक्टर की मदद से करीब दो घंटे तक मशक्कत कर एंबुलेंस को बाहर निकाला।
इसके बाद परिजन प्रसूता को लेकर करीब साढ़े तीन बजे निजी अस्पताल पहुंचे। डॉक्टर ने बताया कि प्रसव में देरी के कारण नवजात की मौत हो गई। काफी प्रयास के बाद प्रसूता को किसी तरह बचा लिया।
गढ़वार गांव के भानु प्रताप सिंह ने बताया कि लोक निर्माण विभाग ने लिंक मार्ग बनवाया था। छह माह पहले ही इसकी मरम्मत कराई गई थी। एक माह पहले बारिश में सड़क बह गई थी। विभाग के जेई से कई बार सड़क की मरम्मत की मांग की गई लेकिन सुनवाई नहीं हुई। आखिरकार गड्ढों के कारण मासूम की जान चली गई।
समाधान दिवस में की शिकायत
शनिवार को बाह तहसील में लगे संपूर्ण समाधान दिवस में भानु प्रताप सिंह के साथ विभूत नरायन सिंह, रिक्की सिंह, अमित कुमार, हरेंद्र सिंह समेत कई ग्रामीणों ने सीसी मार्ग का निर्माण कराने एवं जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। एसडीएम बाह विनोद कुमार ने जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया।
बारिश की वजह से लिंक मार्ग कट गया है। मिट्टी डलवाकर जल्द ही मार्ग को दुरुस्त कराया जाएगा। – नागेंद्र वर्मा, अवर अभियंता, लोक निर्माण विभाग, प्रांतीय खंड, आगरा