खबर शहर , Agra News: सिगरेट मिलने पर आरएसओ ने डांटा तो भाग गया था वंश, मुंबई में मिला – INA

आगरा। सदर स्थित एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम के हॉस्टल से 31 जुलाई को रहस्यमय परिस्थितियों में गायब हुआ टेबल टेनिस का नेशनल खिलाड़ी वंश मुंबई में सकुशल मिल गया। पुलिस टीम उसे मुंबई से आगरा लेकर पहुंची। पूछताछ में सामने आया कि हॉस्टल में उसकी अलमारी से सिगरेट मिलने पर क्षेत्रीय खेल अधिकारी (आरएसओ) ने डांट दिया था। इससे डर कर वह भाग गया था।
शाहगंज नगला छाैआ निवासी शैलेश के बेटे वंश के लापता होने की सूचना मिलने के बाद से ही पुलिस ने तलाश शुरू कर दी थी। जांच के दौरान पुलिस को आगरा कैंट रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी कैमरों से सुराग मिला। वंश स्टेशन पर नजर आया था। इसके बाद पुलिस टीम ने रेलवे मार्ग में पड़ने वाले संभावित स्टेशनों और अन्य स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले।
तलाश के बीच पुलिस को एक और अहम कड़ी मिली। वंश ने अपने एक दोस्त से फोन पर संपर्क किया। इसके बाद उसने किसी दूसरे लड़के के मोबाइल फोन से अपने दोस्त को इंस्टाग्राम पर मैसेज भेजा। पुलिस ने इसी मैसेज के आधार पर उसकी लोकेशन मुंबई में होने का पता लगा लिया। सुराग पुख्ता होने पर पुलिस टीम मुंबई पहुंची और वहां से वंश को सुरक्षित बरामद कर लिया।
पुलिस की पूछताछ में वंश ने बताया कि वह आगरा से ट्रेन के जरिये पहले मथुरा पहुंचा। इसके बाद उज्जैन, इंदौर होते हुए मुंबई चला गया। मुंबई पहुंचने के बाद वह कुछ लड़कों के साथ रहने लगा था। वहां अपने खर्च के लिए मजदूरी कर रहा था। एडिशनल डीसीपी हिमांशु गौरव ने बताया कि वंश को सकुशल बरामद कर लिया है। आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद वंश को चाइल्ड केयर सेंटर भेजा जा रहा है। वहां से उसे किशोर न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा और न्यायालय के निर्देश के अनुसार . की कार्रवाई की जाएगी।