खबर शहर , Agra News: दिल्ली गेट और भगवान टॉकीज पर टूटी पाइप लाइन, जल संकट – INA

आगरा। शहर के लोग रविवार को बिजली और पानी की किल्लत से जूझते रहे। सिकंदरा उपकेंद्र में ट्रांसफार्मर बदलने के काम के कारण 9 से 10 घंटे बिजली गुल रही। वहीं, दिल्ली गेट और भगवान टॉकीज क्षेत्र में पाइपलाइन टूटने से पूरे दिन पानी का संकट बना रहा।
दिल्ली गेट पर सीएम ग्रिड की खुदाई और भगवान टॉकीज चौराहे पर ग्रीन गैस कंपनी की खुदाई के कारण पानी की लाइनें टूट गईं। इससे लाखों लीटर गंगाजल बर्बाद हुआ और लोग पानी की बूंद-बूंद के लिए तरसते रहे। हरीपर्वत से दिल्ली गेट तक मॉडल सड़क बनाने के लिए खुदाई के दौरान भी पानी की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हुई। पाइपलाइन टूटते ही सड़क पर पानी भर गया और आसपास की दुकानों की ओर बहने लगा।
क्षेत्र के मनोनीत पार्षद संजय राय ने बताया कि 4 इंच की लाइन टूटने से शाम को जलापूर्ति नहीं हो पाई। जलकल विभाग से शिकायत की गई है। उन्होंने सुबह तक आपूर्ति बहाल करने का भरोसा दिया है। उधर, भगवान टॉकीज के पास ग्रीन गैस कंपनी के कर्मचारी लाइन बिछा रहे थे, तभी पेयजल पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हुई। जलकल विभाग की टीम ने दोपहर में मरम्मत कार्य शुरू किया और शाम करीब 7.30 बजे लाइन दुरुस्त हो सकी।
आज शाम बल्केश्वर, यमुनापार में नहीं मिलेगा पानी
जलकल विभाग के जीवनी मंडी स्थित जल संयंत्र में आज फ्लो मोर पंपिंग प्लांट में ट्रांसफार्मर की शिफ्टिंग का कार्य किया जाएगा। इस वजह से बल्केश्वर और यमुनापार क्षेत्र की जलापूर्ति शाम को ठप रहेगी। जलकल विभाग के महाप्रबंधक कुमार गौरव ने बताया कि यह कार्य सोमवार को सुबह 11 बजे से दोपहर दो बजे के बीच किया जाएगा। बल्केश्वर और यमुनापार क्षेत्र में जलापूर्ति आंशिक रूप से बाधित या प्रभावित रहेगी। विभाग ने उपभोक्ताओं से असुविधा से बचने के लिए सुबह की आपूर्ति में पर्याप्त पेयजल का भंडारण करने की अपील की है।