खबर शहर , Agra News: चार सड़कें बनेंगी मॉडल रोड, 143 करोड़ रुपये होंगे खर्च – INA

आगरा। शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम और आधुनिक बनाने के लिए सीएम ग्रिड परियोजना के तहत चार सड़कों का कायाकल्प होगा। इन मॉडल रोड के निर्माण पर करीब 143 करोड़ रुपये की राशि खर्च की जाएगी। नगर निगम ने कुल 7.01 किलोमीटर लंबी इन सड़कों के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है।
यह परियोजना शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में लागू होगी। इससे क्षेत्र की चार लाख से अधिक आबादी को बेहतर और सुरक्षित आवागमन मिलेगा। प्रस्तावित कार्यों में मारुति एस्टेट चौराहे से हनुमान मंदिर 100 फुटा रोड और मानसरोवर चौराहे से 100 फुटा रोड तक का मार्ग शामिल है। इस 1.64 किलोमीटर लंबी सड़क पर 28 करोड़ रुपये खर्च होंगे। जेसीबी शोरूम से शास्त्रीपुरम चौराहे तक 2.20 किलोमीटर सड़क के लिए 38.58 करोड़ रुपये मंजूर हुए हैं।
इंद्रापुरम चौराहे से जीआर हॉस्पिटल तक 1.57 किलोमीटर मार्ग पर सर्वाधिक 40.30 करोड़ रुपये खर्च होंगे। एत्माद्दौला से शाहदरा चुंगी नुनिहाई रोड तक 1.60 किलोमीटर सड़क पर 35.85 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। नगर निगम के कार्यवाहक मुख्य अभियंता अरविंद श्रीवास्तव ने कार्यों की जानकारी देते हुए गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा करने की बात कही है। मॉडल रोड बनने से शहर के आवासीय और व्यावसायिक इलाकों में दैनिक यातायात सुगम होगा, जिससे जलभराव व ट्रैफिक जाम की समस्या से राहत मिलेगी।
बार-बार खुदाई से मुक्ति
योजना का मुख्य उद्देश्य बार-बार सड़क खोदने की समस्या को खत्म करना है। निर्माण से पहले ही यूटिलिटी डक्ट बनाए जाएंगे। इनमें बिजली, गैस, सीवर, टेलीफोन और पानी की लाइनें डाली जाएंगी। इसके बाद सड़कों को अतिक्रमण मुक्त कर चौड़ा किया जाएगा। इन पर डबल चैनल, सुंदर गमले, बैठने के लिए बेंच, डस्टबिन और आधुनिक फुटपाथ भी बनेंगे।
अन्य सड़कों पर भी काम जारी
शहर में कुछ अन्य सड़कों पर भी काम चल रहा है। हरीपर्वत चौराहे से दिल्ली गेट होते हुए राजा मंडी स्टेशन तक 1.25 किलोमीटर मार्ग पर कार्य प्रगति पर है। टेढ़ी बगिया से एनएच-19 तक 2.88 किलोमीटर सड़क का निर्माण भी जारी है। बसई मंडी से इंद्रापुरम चौराहा (2 किलोमीटर) और इंद्रापुरम से होटल अमर (2.2 किलोमीटर) तक भी काम हो रहा है। सुभाष पार्क से कोठी मीना बाजार होकर मारुति एस्टेट तक 3.4 किलोमीटर मार्ग पर भी कार्य चल रहा है। यह काम पूरा होने के बाद इन रास्तों पर भी यातायात सुगम होगा।