खबर शहर , Agra News: छावनी की बदहाल व्यवस्था पर कांग्रेस का हल्लाबोल, सौंपा ज्ञापन – INA

आगरा। शहर कांग्रेस कमेटी के अल्पसंख्यक मोर्चा ने छावनी क्षेत्र में जनसमस्याओं को दूर कराने के लिए गांधी प्रतिमा के सामने बुधवार को प्रदर्शन किया। इसके बाद पदाधिकारी छावनी परिषद कार्यालय पहुंचे और सीईओ दीपक मोहन को ज्ञापन सौंपकर जल्द कार्रवाई की मांग की।
महानगर अध्यक्ष बशीर उल हक रॉकी ने कहा कि वार्ड नंबर-6 सुल्तानपुरा में एनसी वैदिक इंटर कॉलेज के सामने महात्मा गांधी प्रतिमा के फर्श पर पानी भरने से गंदगी है। पास के सार्वजनिक शौचालय का सीवर टैंक क्षतिग्रस्त है, यह पार्क में खेलने वाले बच्चों के लिए खतरा बना है। बड़ी बस्ती बापू वाटिका के पास बने शौचालय का करीब 14 फीट गहरा सीवर टैंक टूटा है, दुर्गंध से लोग परेशान हैं।
जगह-जगह मैनहोल खुले पड़े हैं। लालकुर्ती के 411 आर्मी गेट पर जलभराव, वार्ड एक से आठ तक सार्वजनिक शौचालयों में लाइट और पानी की व्यवस्था न होने पर नाराजगी जताई गई। पदाधिकारियों ने समस्याओं का समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी। इस दौरान डॉ. शशि शिरोमणि, अमित सिंह दिवाकर, देवेंद्र कुमार चिल्लू, एलीशा, मनोज जैन बोहरा, अनुज शर्मा, सीएम पराशर, राजदीप सोनकर, मनीष वाल्मीकि, अजहर वारसी आदि मौजूद रहे।