खबर शहर , Agra News: टाउनशिप में काम ठप, गोमतीपुरम में ताला, सीवर-ड्रेन अधूरे – INA

आगरा। मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण योजना और नये शहर प्रोत्साहन योजना के तहत ग्रेटर आगरा में विकसित हो रही टाउनशिपों के कार्यों में बड़ी लापरवाही उजागर हुई है। बुधवार को आगरा विकास प्राधिकरण (एडीए) की उपाध्यक्ष एम. अरूनमोली ने ग्राम रायपुर और रहनकलां क्षेत्र का निरीक्षण किया, जहां गोमतीपुरम टाउनशिप में काम पूरी तरह बंद मिला। इस पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को किसानों से समन्वय बनाकर तत्काल निर्माण शुरू कराने के सख्त निर्देश दिए।

उपाध्यक्ष ने क्षेत्र में बन रही 10 टाउनशिपों का मौका-मुआयना किया। इस दौरान साफ दिखा कि कार्यदायी संस्थाएं विकास कार्यों के प्रति गंभीर नहीं हैं। गंगापुरम में अब तक केवल सड़क के लिए मिट्टी की खुदाई हुई है, जबकि सीवर, ड्रेन और यूटिलिटी डक्ट जैसे अहम बुनियादी काम शुरू तक नहीं हुए हैं। महानंदीपुरम में भी मिट्टी खुदाई के अलावा कोई अन्य गतिविधि नहीं हुई। नर्मदापुरम में समतलीकरण, सड़क और नाले के काम की रफ्तार धीमी पाई गई, जिस पर श्रमिकों की संख्या बढ़ाकर गुणवत्ता के साथ काम पूरा करने के आदेश दिए गए।

उपाध्यक्ष ने स्पष्ट हिदायत दी कि वर्षा ऋतु समाप्त होते ही साइटों पर मशीनरी और मजदूरों की तादाद बढ़ाई जाए।

45 मीटर मास्टर प्लान रोड में भी सुस्ती

ग्रेटर आगरा योजना के अंतर्गत बन रही 45 मीटर चौड़ी मास्टर प्लान रोड के पार्ट-बी और पार्ट-सी का भी निरीक्षण किया गया। पार्ट-बी में जीएसबी का काम पूरा हो चुका है, लेकिन ड्रेनेज और सीवरेज में तेजी लाने के साथ गुणवत्ता बनाए रखने को कहा गया है। इस लापरवाही पर उपाध्यक्ष ने संबंधित कार्यदायी संस्था से जवाब मांगा है।

टोल प्लाजा का टॉयलेट ब्लॉक अधूरा

टाउनशिप निरीक्षण के बाद अरूनमोली ने इनर रिंग रोड प्रथम चरण के रहनकलां टोल प्लाजा पर बन रहे दोनों ओर के टॉयलेट ब्लॉकों का जायजा लिया। यहां निर्माण अधूरा मिला। उन्होंने कार्य को मानकों के अनुरूप समय पर पूरा करने और बने हुए ब्लॉक में नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


Credit By Amar Ujala

Back to top button