खबर शहर , Agra News: सचिव की बर्खास्तगी की मांग पर धरने पर अड़े किसान, 8 गांवों में डीएपी संकट – INA

अछनेरा। ब्लॉक क्षेत्र के गांव कुकथला स्थित साधन सहकारी समिति पर डीएपी खाद की कालाबाजारी के विरोध में किसानों का धरना 5वें दिन भी जारी रहा। समिति पर काम बाधित रहने से इससे जुड़े 8 गांवों के किसानों के सामने सरसों की बुवाई के लिए खाद का संकट खड़ा हो गया है। किसान नेता चौधरी दलीप सिंह और आंदोलनकारियों ने बताया कि इस समिति से कुकथला, भिलावटी, नागर, अटूस, रेपुरा अहीर, कठवारी, खड़वाई और मुरेंडा गांव जुड़े हैं, जहां हर वर्ष हजारों कट्टे डीएपी का वितरण होता है।
किसानों की मांग है कि कालाबाजारी प्रकरण के आरोपी सचिव वीरेंद्र विक्रम को बर्खास्त किया जाए। साथ ही, खाद से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली को छोड़ने के मामले में दोषी पुलिसकर्मियों पर भी कार्रवाई हो। बृहस्पतिवार को किसानों ने साफ किया कि जब तक मांगें पूरी नहीं होतीं, धरना खत्म नहीं होगा। प्रदर्शन में अजय वर्मा, भूप सिंह नरवार, श्याम प्रकाश शर्मा, तेजवीर सिंह नरवार, भंवर सिंह कुशवाह, रमेश चंद शर्मा, राम खिलाड़ी प्रधान, महावीर मास्टर, लक्ष्मण सिंह, राजवीर सिंह, हेमंत कुशवाहा, राजवीर शर्मा, धर्मवीर चौधरी, दीवान सिंह, सोनवीर, राजकुमार चौधरी, खल्ला कुशवाह, जगमोहन शर्मा, ठाकुर बनवारीलाल अचारवाले, रहीश खान और एडवोकेट सुभाष बघेल शामिल रहे।