खबर शहर , Agra News: ताजमहल में पर्यटक-स्कूली छात्रों में चले लात-घूंसे – INA

आगरा। ताजमहल में फोटो खिंचाने के दौरान धक्कामुक्की होने पर दो पर्यटक समूहों में विवाद हो गया। उनमें लात-घूंसे चलने लगे, जिससे अन्य पर्यटकों में अफरातफरी मच गई। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) ने हस्तक्षेप कर दोनों समूहों को अलग किया और मारपीट करने वालों को पकड़ा। बाद में माफी मांगकर समझौता कर लिया गया।

अलवर, राजस्थान के एक स्कूल के 12वीं के छात्र प्रधान अध्यापक अजय कुमार के साथ रविवार दोपहर ताजमहल घूमने आए थे। वहीं, अहमदाबाद, गुजरात के जावेद सहित 15 लोगों का एक समूह भी ताजमहल पहुंचा था। पैदल जाने वाले रास्ते पर दोनों समूह फोटो खींच रहे थे। भीड़ के कारण धक्कामुक्की हुई, जिससे विद्यार्थियों और समूह पर्यटकों में विवाद और देखते ही देखते मारपीट होने लगी। कुछ लोगों ने घटना का वीडियो भी बना लिया, जो जल्द ही वायरल हो गया।

सीआईएसएफ कर्मियों ने मारपीट करने वालों पर कार्रवाई की बात कही। इस पर दोनों समूहों ने एक-दूसरे से माफी मांगी। उन्होंने एक समझौता पत्र भी लिखकर दिया कि यह विवाद गलतफहमी की वजह से हुआ। दोनों समूहों ने किसी तरह की कार्रवाई न करने की इच्छा जताई, जिसके बाद उन्हें जाने दिया गया। अपर पुलिस उपायुक्त मनोज कुमार ने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी मिली थी। घटना ताजमहल के रेड जोन में हुई थी। सीआईएसएफ से इस संबंध में जानकारी ली गई। दोनों समूह समझौता कर चले गए, इसलिए पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।

———


Credit By Amar Ujala

Back to top button