आगरा। नालों की दीवार ढहने और सड़कों के धंसने का सिलसिला जारी है। सोमवार को नगर निगम ने 15वें वित्त आयोग के तहत सड़क और नालों के निर्माण के टेंडर उठाए। ठेकेदारों ने 42 फीसदी तक कम रेट के टेंडर डाले, जिस पर पार्षद ने सवाल उठाए हैं।
भाजपा पार्षद रवि माथुर ने बताया कि भूड़ का बाग क्षेत्र में 80 लाख रुपये से सीसी सड़क का निर्माण होना है। इसका टेंडर 42 फीसदी कम रेट पर आया है। देवरी रोड पर 4 करोड़ रुपये की लागत से नाले का निर्माण होना है। इसका टेंडर भी 37 फीसदी कम रेट पर है।
निगम के अभियंताओं के बनाए एस्टीमेट से इतनी कम दरों पर टेंडर पड़ा है। आधे रेट पर सड़क और नाला बनेगा तो गुणवत्ता तो खराब होगी ही। इसमें कमीशन और फर्म का मुनाफा छोड़ दें तो एक चौथाई रकम में ही निर्माण कैसे संभव होगा। उन्होंने आपत्ति दर्ज कराई है और कहा है कि इतनी कम कीमत पर टेंडर डालने की जांच हो। निगम की सड़कें और नाले इसीलिए ढह रहे हैं।