खबर शहर , Agra News: चिकित्सा प्रतिपूर्ति में पेंशनर्स का पुराना आपातकालीन प्रमाणपत्र ही रहेगा मान्य – INA

आगरा। जिले के सरकारी कर्मचारियों और पेंशनरों के लिए राहत भरी खबर है। जिला प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने चिकित्सा प्रतिपूर्ति (मेडिकल क्लेम) के दावों से जुड़े अपने विवादास्पद आदेश को वापस ले लिया है। अब मेडिकल क्लेम के लिए पुराना आपातकालीन प्रमाण-पत्र ही मान्य होगा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने आपातकालीन प्रमाण-पत्र के प्रारूप में अचानक संशोधन कर दिया गया था, जिससे मेडिकल क्लेम प्रक्रिया में अड़चन आ रही थी। इस मनमाने आदेश का कड़ा विरोध करते हुए वरिष्ठ नागरिक पेंशनर्स सेवा संस्थान ने गत 20 जुलाई 2026 को जिलाधिकारी मनीष बंसल को ज्ञापन सौंपा था। इसे जनसुनवाई पोर्टल के माध्यम से सीएमओ को प्रेषित किया गया।
संगठन के संघर्ष और प्रशासनिक दबाव के चलते आखिरकार बुधवार को सीएमओ कार्यालय ने अपने पूर्व आदेश को निरस्त करते हुए पुराने प्रमाण-पत्र को ही मान्य करने के नए आदेश जारी कर दिए। प्रांतीय महामंत्री बीके तिवारी और संयोजक वीर सिंह ने इस फैसले का स्वागत करते हुए बताया कि इस निर्णय से चिकित्सा प्रतिपूर्ति की जटिलताएं दूर होंगी और जिले के हजारों सेवारत कर्मचारियों के साथ-साथ वरिष्ठ पेंशनरों को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा।