खबर शहर , Agra News: शान-ओ-शौकत से निकला बारावफात का जुलूस, गूंजा नबी की आमद का पैगाम – INA

आगरा। जश्ने ईद मिलादुन्नबी के मौके पर बुधवार को कस्बे और गांव नबी-ए-पाक की आमद की खुशी से सराबोर नजर आया। जिलेभर में शान-ओ-शौकत के साथ जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया। जुलूस में शामिल मुस्लिम समाज के लोगों ने पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद साहब की पैदाइश की खुशी का इजहार करते हुए आपसी भाईचारे, अमन और सौहार्द का संदेश दिया।

बाह में बारावफात का जुलूस मोहल्ला सुनरट्टी में हाजी अख्तर हुसैन के मकान से प्रारंभ होकर सदर बाजार, सराफा बाजार, मोहल्ला सराय, जुलाहपुरी होते हुए आगरा बाह हाइवे से होकर मोहल्ला सुनरट्टी में समापन हुआ। जुलूस में दानिश हुसैन, जमीर हुसैन, हाजी अख्तर हुसैन, अध्यक्ष दिवाकर सिंह गुर्जर, पूर्व अध्यक्ष सुनील बाबू, दयाशंकर बोहरे, रविकांत मिश्रा, जहीर खां आदि रहे।

फतेहपुर सीकरी में कस्बा एवं ग्रामीण क्षेत्र में पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब का जन्म दिवस यानी ईद मिलादुन्नबी के रूप में मनाया गया। मुस्लिम समाज के लोगों ने अपने घरों तथा मस्जिदों आदि पर विद्युत सजावट की। प्यारे नबी की शान में बच्चों ने दीनी झंडा हाथ में लेते हुए नबी की आमद मरहबा के नारे लगाते हुए जुलूस निकाला। वहीं ग्रामीण अंचल के सीकरी चार हिस्सा तथा सीकरी दो हिस्सा में ईद मिलादुन्नबी के जुलूस निकाले गए ।

बारावफात कमेटी के तत्वावधान में तेहरा दरवाजा से जुलूस आरंभ हुआ, जिसमें दर्जनों ऊंट घोड़े शामिल रहे। जुलूस में पूर्व अध्यक्ष बदरुद्दीन कुरैशी, डॉ. एसएस खान, रमजान उस्मानी, हाजी साबिर कुरेशी, शकील उस्मानी, मुस्तकीम, सईद अहमद आदि शामिल रहे।

अछनेरा में मदरसा के हाफिज दारुल उलूम फैजाने रजा संदली की ओर से शान-ओ-शौकत के साथ जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया। इस दौरान मौलाना फरमान रजा, मौलाना जावेद, सभासद आरिफ, वकील अहमद, हाशिम कुरैशी, काका हाजिराती, हाजी चेता, शकील बाबू, सम्मीउद्दीन कुरैशी और जाकिर मेंबर मौजूद रहे।

फतेहाबाद में प्रमुख मार्गों पर बारिश के बीच जुलूस निकाला गया। जुलूस पठान मोहल्ला के मदरसे से शुरू होकर कस्बे के विभिन्न मोहल्लों से होते हुए गांधी चौक अंबेडकर चौक से होते हुए शिवाजी नगर से कस्बा फतेहाबाद के प्रमुख मार्ग में निकला। जुलूस में डॉ. जमीर वेग, इमरान खान, कदीर खान, सप्पो भाई, असलम खां, शानू खां आदि मौजूद रहे।

किरावली में व्यापारी मोहल्ले से आधा दर्जन घोड़ों और बाइकों के साथ जुलूस निकाला गया। जुलूस में दीवान सिंह इंदौलिया, अमर पाल सिंह मुखिया, पिंकी सरपंच, पवन इंदौलिया, रहीश कुरैशी, बबुआ चौधरी, बाबू कुरैशी आदि मौजूद रहे। अकोला, गहर्रा कलां और बीसलपुर में बुधवार को जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी और बारावफात का पर्व बड़े हर्षोल्लास और अकीदत के साथ मनाया गया।बच्चों और बड़ों ने नए कपड़े पहनकर गाजे-बाजे के साथ जुलूस निकाला। इस मौके पर बच्चों और बड़ों ने मोहब्बत की मिसाल पेश की।

जगनेर कस्बे में ईद मिलादुन्नबी पर बुधवार को जुलूस-ए-मुहम्मदी धूमधाम से निकाला गया। मुस्लिम इलाकों को हरे झंडों, बैनर, गुब्बारों और झालरों से सजाया गया।


Credit By Amar Ujala

Back to top button