खबर शहर , ‘भूत का चक्कर’ या ‘ऊपरी साया’: यदि किसी इंसान में ये लक्षण दिखें तो हो जाएं सावधान, जानें क्या करना है आपको – INA

झाड़फूंक और तंत्र-मंत्र के कारण मिर्गी की बीमारी गंभीर हो रही है। इनके फेर में मरीज इलाज कराने देरी से पहुंच रहे हैं। एसएन मेडिकल कॉलेज के न्यूरोफिजिशियन विभाग में ऐसे 35 फीसदी मरीज हैं जो भ्रांतियों के कारण झाड़फूंक और तंत्र-मंत्र के बाद उपचार लेने आ रहे हैं।

न्यूरो फिजिशियन विभागाध्यक्ष डॉ. नवनीत अग्रवाल ने बताया कि ओपीडी में औसतन 200 मरीज आ रहे हैं। इसमें करीब 20-25 फीसदी मरीज मिर्गी के हैं। इनमें भी 30-35 फीसदी मरीजों की बीमारी बिगड़ी हुई मिल रही है। पूछताछ में परिजन से पता चला कि कई महीनों तक झाड़फूंक और तंत्र-मंत्र भी कराया। हालत बिगड़ने के बाद इलाज कराने आए हैं। इनमें बच्चों और युवाओं की संख्या अधिक है। 

आगरा एकेडमी ऑफ न्यूरोलॉजी के अध्यक्ष डॉ. पीके माहेश्वरी ने बताया कि ये न्यूरोलॉजिकल बीमारी है। इसमें मस्तिष्क की तंत्रिका कोशिकाओं में अचानक असामान्य विद्युत तरंगों के चलते बार-बार दौरे आते हैं। शुरू से ही इलाज मिलने पर 70 फीसदी से अधिक मरीज ठीक हो रहे हैं। बताया कि फास्टफूड में उपयोग होने वाला अजीनोमोटो और अन्य रसायन से मिर्गी के दौरे की पुनरावृत्ति बढ़ने का खतरा है। ऐसे में बच्चों को फास्टफूड से बचाव भी जरूरी है। इसमें मरीज अचानक गिर जाना और मुंह से झाग आना प्रमुख लक्षण है। ये बीमारी सिर की चोट, संक्रमण और ट्यूमर से बन सकती है।

दौरा पड़ने पर ये करें:

मरीज को समतल स्थान पर करवट से लिटाएं ताकि सांस लेने में परेशानी न हो।

मरीज के मुंह में चम्मच-अंगुली न डालें, जूता-चप्पल, प्याज न सुंघाएं।

मरीज के चारों ओर भीड़ न लगाएं और हवा आने दें, मरीज को कसकर न पकड़ें।

दौरा तीन से पांच मिनट में ठीक नहीं हो रहा तो तत्काल डॉक्टर के पास लेकर जाएं।

 


Credit By Amar Ujala

Back to top button