खबर शहर , दिल्ली में प्रदर्शन, ताज पर सन्नाटा: ट्रेनें निरस्त होने से पर्यटकों की संख्या में कमी, घट गए 13 हजार सैलानी – INA

दिल्ली में सीजेपी और अन्य विपक्षी दलों के प्रदर्शन के कारण ट्रेनें निरस्त होने, सीमाएं सील करने और भारी पुलिस फोर्स तैनात किए जाने से पर्यटकों के कदम ठिठक गए। ताजमहल पर शनिवार को सैलानियों की संख्या बीते शनिवार के मुकाबले 13,400 कम रही। सुबह के समय सन्नाटा पसरा रहा। 10 बजे के बाद सैलानी नजर आए लेकिन बीते वीकएंड के मुकाबले परिसर खाली नजर आया।

दिल्ली से आगरा आने वाली ट्रेनें निरस्त होने के कारण शनिवार को महज 25,197 सैलानी ही आए। बीते शनिवार को यह संख्या 38,592 थी। ताजमहल आने वाले सैलानी सुबह ट्रेन से 8 से 10 बजे के बीच आगरा कैंट, आगरा फोर्ट और ईदगाह स्टेशनों पर पहुंचते हैं। दिल्ली एनसीआर के सैलानियों में खासी गिरावट नजर आई। ताजमहल पर सुबह टिकटों की बिक्री बेहद कम रही।

जगह-जगह बैरिकेडिंग, पुलिस की चेकिंग और दिल्ली बॉर्डर सील किए जाने के कारण महज 22,312 भारतीय सैलानी ही आए। बीते शनिवार को इनकी संख्या 36,392 रही थी। ताज के मुख्य गुंबद, प्रवेश द्वार, रॉयल गेट पर चहल-पहल कम दिखी। यही हाल आगरा किले का भी रहा। किला देखने के लिए 6,383 भारतीय और 908 विदेशी पर्यटक ही पहुंचे।

 


Credit By Amar Ujala

Back to top button