Sports- टेनिस: यूएस ओपन के पहले दिन बड़ा उलटफेर, पूर्व चैंपियन क्रेजसिकोवा बाहर; पेगुला-पाओलिनी की जीत -#INA

साल के आखिरी ग्रैंड स्लैम यूएस ओपन के पहले ही दिन महिला एकल में बड़ा उलटफेर देखने को मिला। 27वीं वरीय और दो ग्रैंड स्लैम खिताब जीत चुकीं बारबोरा क्रेजसिकोवा को उज्बेकिस्तान की कामिला रखीमोवा ने सीधे सेटों में हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया। वहीं तीसरी वरीय अमेरिका की जेसिका पेगुला और 19वीं वरीय जैस्मिन पाओलिनी ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर अगले दौर में जगह बनाई।

आर्थर ऐस स्टेडियम में क्रेजसिकोवा और रखीमोवा के बीच मुकाबला हुआ। क्रेजसिकोवा ने पहले सेट में छह मैच पॉइंट बचाए, लेकिन इसके बावजूद वह मुकाबला नहीं जीत सकीं। कभी किसी मेजर टूर्नामेंट के तीसरे दौर से . नहीं बढ़ीं रखीमोवा ने 27वीं वरीय क्रेजसिकोवा को 7-6 (4), 6-2 से शिकस्त दी।

वहीं आर्थर ऐस स्टेडियम में दिन के शुरुआती मुकाबले में तीसरी वरीय जेसिका पेगुला ने रोमानिया की एलेना-ग्रैबिएला रुज को 6-3, 6-2 से हराया। सिनसिनाटी ओपन के फाइनल में कोको गॉफ से हारने के बाद यहां पहुंचीं पेगुला ने 83 मिनट में मुकाबला अपने नाम किया। उन्होंने पहली सर्विस पर 92 प्रतिशत अंक जीते।

पेगुला ने मैच के बाद कहा, ‘मैं बहुत नर्वस थी। मैं जो महसूस कर रही थी, उसकी GIF भेज रही थी। पहले दौर में हमेशा बहुत ज्यादा घबराहट होती है।’ पेगुला का अगला मुकाबला वीनस विलियम्स और सोफिया केनिन के बीच होने वाले मैच की विजेता से होगा। 19वीं वरीय जैस्मिन पाओलिनी को स्लोवेनिया की वेरोनिका एर्जावेक के खिलाफ कड़ी चुनौती मिली। तीन सेट तक चले मुकाबले में पाओलिनी ने 6-3, 3-6, 6-4 से जीत दर्ज की। वह विंबलडन 2024 और फ्रेंच ओपन की उपविजेता रह चुकी हैं।

पुरुष एकल में 2014 के चैंपियन मारिन सिलिच और 2022 के उपविजेता कैस्पर रूड ने चोट के कारण टूर्नामेंट से नाम वापस ले लिया। 

Credit By Amar Ujala

Back to top button