Technology, क्या भारत में आईफोन से हो सकेगा एपल पे? अक्तूबर में लॉन्च की चर्चा, यूपीआई पर संशय बरकरार; जानें क्या है अपडेट – Apple’s Payment Service May Arrive October; Will It Support Upi? — INA

Mon, 21 Sep 2026 11:47 AM IST

सार

लंबे इंतजार के बाद क्या एपल पे भारत में आने वाला है? रिपोर्ट्स के अनुसार, एपल अगले महीने में अपनी पेमेंट सर्विस को भारतीय बाजार में लॉन्च कर सकता है। शुरुआत में चुनिंदा बैंक कार्ड्स का सपोर्ट मिलने की चर्चा है, लेकिन यूपीआई को लेकर अभी तस्वीर पूरी तरह साफ नहीं है। ऐसे में एपल पे भारत में कैसे दस्तक देगा और यूजर्स को क्या मिलेगा, आइए जानते हैं।

Apple’s Payment Service May Arrive October; Will It Support UPI?
अक्तूबर में भारत में लॉन्च हो सकता है एपल पे – फोटो : एआई जनरेटेड

भारत के डिजिटल पेमेंट्स की लिस्ट में जल्द ही एपल भी शामिल हो सकता है। मार्क गुर्मन के अनुसार, एपल अगले महीने यानी की अक्तूबर में भारत में एपल पे लॉन्च करने की तैयारी कर रहा है। गुर्मन ने कहा कि एपल आखिर भारत में एपल पे लॉन्च करने की तैयारी कर रहा है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, एपल पे शुरुआत में कार्ड पेमेंट्स को सपोर्ट करेगा। वहीं, प्लेटफॉर्म पर यूपीआई सपोर्ट लाने की भी उम्मीद जताई गई है। हालांकि, यूपीआई को शुरुआती रोलआउट में शामिल किए जाने को लेकर रिपोर्ट्स में अंतर है। इसके अलावा रॉयटर्स ने भी हाल ही में एक रिपोर्ट में शुरुआती लॉन्च के लिए एक्सिस बैंक क्रेडिट कार्ड्स के सपोर्ट की बात कही गई है, लेकिन उसमें यूपीआई को शुरुआती रोलआउट का हिस्सा नहीं बताया गया है। एपल पे पहली बार 2014 में अमेरिका में लॉन्च हुआ था। अब करीब 12 साल बाद इसके भारत आने की उम्मीद है।

क्या एपल पे भारत में UPI को सपोर्ट करेगा?

  • मार्क गुर्मन के अनुसार, एपल पे भारत में कार्ड पेमेंट्स के साथ यूपीआई को भी सपोर्ट करने की उम्मीद है। यूपीआई भारत में बड़े पैमाने पर इस्तेमाल होने वाला डिजिटल पेमेंट सिस्टम है, जिसके जरिए यूजर्स भाग लेने वाले बैंकों और ऐप्स के माध्यम से तुरंत भुगतान कर सकते हैं।
  • हालांकि, यहां एक जरूरी बात है कि रॉयटर्स की हालिया रिपोर्ट में एपल की भारत में शुरुआती योजना के तहत एक्सिस बैंक क्रेडिट कार्ड्स के सपोर्ट की जानकारी दी गई है, लेकिन शुरुआती लॉन्च के साथ यूपीआई सपोर्ट का जिक्र नहीं किया गया।
  • इससे पहले आई रिपोर्ट्स में भी कहा गया था कि एपल पे भारत में शुरुआत में यूपीआई के बिना लॉन्च हो सकता है और बाद में इसमें यूपीआई सपोर्ट जोड़ा जा सकता है। इसलिए फिलहाल यूपीआई सपोर्ट को लेकर अंतिम स्थिति एपल की आधिकारिक घोषणा के बाद ही साफ होगी।

शुरुआत में कौन से बैंक का सपोर्ट मिलेगा ?

  • एपल पे भारत में लॉन्च के समय एक्सिस बैंक को अपना पहला प्रमुख बैंकिंग पार्टनर बना सकता है। एपल शुरुआत में एक्सिस बैंक के क्रेडिट कार्ड्स को सपोर्ट करने की तैयारी कर रहा है।एपल पे के जरिए यूजर्स अपने कार्ड की टोकनाइज्ड डिटेल्स को डिवाइस में स्टोर करके पेमेंट कर सकते हैं। इसके बाद सपोर्टेड पेमेंट टर्मिनल पर आईफोन के जरिए टैप करके भुगतान किया जा सकता है।
  • इसके अलावा बता दें कि एपल केवल एक्सिस बैंक तक सीमित नहीं रहना चाहता। कंपनी एचडीएफसी बैंक और आईसीआईसीआई बैंक के साथ भी बातचीत कर रही है।हालांकि, रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, इन दोनों बैंकों के साथ उस समय तक कमर्शियल एग्रीमेंट फाइनल नहीं हुए थे। इसलिए लॉन्च के समय इन दोनों बैंकों का सपोर्ट मिलेगा या नहीं, यह अभी स्पष्ट नहीं है। एपल की योजना समय के साथ अलग-अलग बैंकों के साथ अलग-अलग एग्रीमेंट करके अपने पेमेंट प्लेटफॉर्म में ज्यादा लेंडर्स को जोड़ने की है। यानी शुरुआत सीमित बैंकिंग सपोर्ट के साथ हो सकती है और बाद में इसका दायरा बढ़ाया जा सकता है।

एपल कई महीनों से कर रहा है भारतीय बैंकों से बातचीत

यह भी जानकारी सामने आई है कि एपल पिछले कई महीनों से भारत में एपल पे लॉन्च करने को लेकर प्रमुख बैंकों और पेमेंट नेटवर्क्स के साथ बातचीत कर रहा है। फरवरी में एक रिपोर्ट में कहा गया था कि एपल एक्सिस बैंक, एचडीएफसी बैंक और आईसीआईसीआई बैंक के साथ-साथ वीजा और मास्टरकार्ड से भी बातचीत कर रहा था। उस समय एपल पे के 2026 के मध्य के आसपास भारत में लॉन्च होने की उम्मीद जताई गई थी, लेकिन वह टाइमलाइन पूरी नहीं हुई। अब मार्क गुर्मन की नई जानकारी में अक्तूबर की टाइमलाइन सामने आई है। अगर यह टाइमलाइन सही रहती है, तो एपल पे जल्द ही भारत के पहले से स्थापित डिजिटल पेमेंट्स बाजार में एंट्री कर सकता है।

शुरुआत में सीमित सपोर्ट, बाद में बढ़ सकता है दायरा

  • यह भी बात जानना जरूरी है कि शुरुआत में एपल की रणनीति चरणबद्ध तरीके से लॉन्च हो सकती है। पहले कुछ चुनिंदा बैंक के कार्ड्स का सपोर्ट दिया जा सकता है और बाद में अलग-अलग बैंकों के साथ समझौते करके ज्यादा कार्ड और बैंक जोड़े जा सकते हैं। साथ ही एपल दूसरे लेंडर्स को समय के साथ सीधे बैंक-दर-बैंक एग्रीमेंट के जरिए जोड़ने की योजना बना रहा है।
  • ऐसे में भारत में एपल पे की शुरुआत सीमित बैंकिंग सपोर्ट के साथ होने की संभावना है, जबकि भविष्य में इसका विस्तार किया जा सकता है।

भारत में एपल पे के लिए यूपीआई क्यों अहम है?

  • भारत का डिजिटल पेमेंट्स बाजार यूपीआई के बड़े इस्तेमाल के लिए जाना जाता है। रॉयटर्स के मुताबिक, यूपीआई भारत के डिजिटल पेमेंट्स वॉल्यूम का 84 फीसदी हिस्सा रखता है।
  • यही वजह है कि एपल पे के भारत में सफल रोलआउट के लिए यूपीआई सपोर्ट को लेकर काफी चर्चा हो रही है। हालांकि, एपल ने अभी तक भारत में एपल पे के शुरुआती फीचर्स और यूपीआई सपोर्ट को लेकर आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है।
  • फिलहाल उपलब्ध रिपोर्ट्स पर अनुमान लगाया जा रहा है कि एपल पे अक्तूबर में भारत आ सकता है, एक्सिस बैंक शुरुआती प्रमुख बैंकिंग पार्टनर हो सकता है और कंपनी . दूसरे बैंकों को भी जोड़ने की तैयारी में है। वहीं, यूपीआई शुरुआत से मिलेगा या बाद में जोड़ा जाएगा, इस पर अभी स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है।

Source link

Back to top button