दिल्ली – आस्था कुंज सामूहिक दुष्कर्म मामला: 450 पन्नों का आरोप पत्र साकेत कोर्ट में दायर, तीन आरोपियों के हैं नाम – #INA

आस्था कुंज पार्क में 17 वर्षीय युवती से कथित सामूहिक दुष्कर्म मामले में पुलिस ने आरोप पत्र दाखिल किया है। दिल्ली पुलिस ने साकेत कोर्ट में 450 पन्नों का आरोप पत्र दायर किया। यह आरोप पत्र तीनों आरोपियों के खिलाफ है। घटना सितंबर 2026 में हुई थी।

घटना कब और कहां

यह घटना 21 सितंबर की शाम को दक्षिण दिल्ली के 142 एकड़ में फैले विशाल आस्था कुंज पार्क की है। पीड़िता और उसका 17 वर्षीय दोस्त कालकाजी मंदिर में पूजा करने के बाद पार्क में गए थे और वहां एक बेंच पर बैठकर चिप्स खा रहे थे। तभी वहां तीन संदिग्ध युवक पहुंचे। आरोपियों ने उनसे कहा कि तुम लोग इस समय यहां क्यों आए हो? यहां आना मना है। इसके बाद उन्होंने जबरन दोनों को अलग कर दिया और पार्क के अलग-अलग हिस्सों में ले गए।

चाकू के बल पर दिया घिनौनी वारदात को अंजाम

बयान के मुताबिक, जब डरी-सहमी किशोरी ने उन्हें अलग न करने की गुहार लगाई और कहा कि अगर कोई बात है तो उसकी मां से बात कर लें, तो एक आरोपी ने कहा, ‘आसिफ भाई, गन निकाल।’ आरोपियों ने उनके मोबाइल फोन छीन लिए और किशोरी को एक सुनसान कोने में ले गए, जहां उसे चाकुओं से डराया गया।

गर्दन पर चाकू रख की दरिंदगी

पीड़िता के अनुसार, मुख्य आरोपी आसिफ ने उसके कपड़े उतारे, उसे एक लाल बेंच पर लिटाया और दूसरे आरोपी हेमू को पहरा देने के लिए कहा। पीड़िता ने रोते हुए पुलिस को बताया कि वह (आसिफ) मेरी गर्दन पर चाकू रखकर दुष्कर्म कर रहा था। मैं रो रही थी, मुझे बहुत दर्द हो रहा था। इसके बाद आरोपी हेमू उसे दूसरी बेंच पर ले गया और चाकू के बल पर उसका यौन शोषण किया। तीसरे आरोपी, जिसकी पहचान दीपु के रूप में हुई है, उसने भी चाकू की नोक पर पीड़िता के साथ यौन उत्पीड़न किया।

धमकी देकर लौटाए फोन और फिर की पुलिस कॉल

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने पीड़िता को उसके अंतःवस्त्रों को छोड़कर बाकी कपड़े पहनने को दिए थे। जाते-जाते उन्होंने धमकी दी थी कि अगर किसी को भी इस बारे में बताया, तो वे दोनों को जान से मार देंगे। इसके बाद आरोपियों ने उनके मोबाइल फोन वापस लौटा दिए थे और उन्हें पार्क से बाहर ले आए थे। पार्क से बाहर आने के बाद डरी-सहमी पीड़िता ने अपने दोस्त को पूरी बात बताई थी, जिसके बाद तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को फोन किया गया।


Credit By Amar Ujala

Back to top button