खबर शहर , Agra News: दिवाली पर आध्यात्म की रोशनी फैलाएगा बुद्ध पार्क – INA

आगरा। झरना नाले के पास शाहदरा में कूड़े के पहाड़ पर प्रोसेसिंग के बाद बनाए जा रहे बुद्ध पार्क को दिवाली पर ही शुरू किया जा सकेगा। 15 एकड़ क्षेत्र में बनाए जा रहे बुद्ध पार्क का निर्माण 20 अगस्त तक पूरा किया जाना था, लेकिन ड्रेनेज सिस्टम समेत कई काम बढ़ा दिए जाने से डेढ़ माह अतिरिक्त लगेंगे। ऐसे में यह दिवाली पर ही शुरू किया जा सकेगा।

छलेसर के जंगल की हरियाली के साथ शांति, करुणा, ध्यान एवं भगवान बुद्ध के दर्शन के मूल संदेशों को लोग इस पार्क में देख सकेंगे। 10 करोड़ रुपये की लागत से तैयार कराए जा रहे बुद्ध पार्क में 20 फीट ऊंची भगवान बुद्ध की प्रतिमा लगाई गई है। धर्मचक्र प्रवर्तन मुद्रा में स्थापित प्रतिमा के साथ उनके पांच शिष्य भिक्षुओं की प्रतिमाएं भी लगाई जा चुकी हैं। पार्क में गोलाकार वॉल म्यूरल होगी, जिसमें भगवान बुद्ध के संपूर्ण जीवन-चक्र का कलात्मक चित्रण किया जाएगा। इसके जरिए पर्यटक और लोग भगवान बुद्ध के जीवन, उनके उपदेशों एवं बौद्ध दर्शन से परिचित हो पाएंगे।

सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम ने बताया कि बुद्ध पार्क में बारिश के कारण काम की गति धीमी हुई है। कुछ जगह मिट्टी बही है, जिसके लिए ड्रेनेज सिस्टम तैयार कराया जा रहा है। भविष्य में बारिश के पानी से कटान न हो, इसका ध्यान दिया जा रहा है। पार्क में ओपन एयर थिएटर विकसित किया जा रहा है, जहां ध्यान, योग, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, प्रवचनों तथा भगवान बुद्ध के सिद्धांतों एवं शिक्षाओं पर आधारित व्याख्यानों एवं कार्यक्रमों का आयोजन किया जा सकेगा। बारिश का पानी सहेजने के लिए रिचार्ज पिट विकसित किए जा रहे हैं।


Credit By Amar Ujala

Back to top button