सीजी- सीजी: कोरबा में नशे के अवैध कारोबार पर पुलिस का शिकंजा, गांजा बेचने और रखने के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार – INA

कोरबा जिले में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में कोतवाली पुलिस ने गांजा बेचने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया। वहीं, गांजा रखने और सेवन करने के मामले में भी कार्रवाई की गई। इसके अलावा ऑपरेशन बाज के तहत पांच वारंटियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि राताखार अटल आवास निवासी राजू केसरी (25), पिता भीम बहादुर केसरी, अवैध रूप से गांजा रखकर उसकी पुड़िया बनाकर बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर दबिश दी और आरोपी को गांजा बेचते हुए पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान गवाहों के समक्ष आरोपी के कब्जे से 305 ग्राम गांजा जब्त किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 830/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(ए) में मामला दर्ज किया। इसके बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पढे़ं: असम तक पहुंची गौरेला-पेंड्रा-मरवाही की पहचान, राष्ट्रीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में छाया विष्णु भोग चावल
गांजा रखने और सेवन के मामले में भी कार्रवाई
एक अन्य मामले में पुलिस ने पानी टंकी नर्सरी मोहल्ला, कोरबा निवासी शंकर दास (22), पिता स्वर्गीय रामकुमार, को पकड़ा। पुलिस के अनुसार, उसके पास से 5 ग्राम गांजा जब्त किया गया। इस मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे भी न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। कोरबा पुलिस ने ऑपरेशन बाज के तहत पांच वारंटियों को भी गिरफ्तार कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, ये वारंटी लंबे समय से फरार चल रहे थे।
कोतवाली थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने बताया कि जिले में अवैध नशे के कारोबार को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस तरह की कार्रवाई . भी लगातार जारी रहेगी। कोरबा पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि नशे के अवैध कारोबार या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी थाना, चौकी या डायल-112 पर दें। सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा।