उत्तर मध्य रेलवे की बैठक में राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने आगरा की रेल सुविधाओं का मुद्दा उठाया

आगरा – फतेहाबाद रोड स्थित होटल ताज में आयोजित संसद सदस्यों के साथ महाप्रबंधक, उत्तर मध्य रेलवे की बैठक में राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने आगरा और आसपास के क्षेत्रों के रेल यात्रियों की सुविधाओं, बेहतर रेल कनेक्टिविटी तथा जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने रेलवे प्रशासन के समक्ष ट्रेनों के ठहराव, रेल सेवाओं के विस्तार और बंद हो चुकी रेल सेवाओं को पुनः शुरू करने सहित कई महत्वपूर्ण सुझाव रखे, ताकि आमजन को आवागमन में अधिक सुविधा मिल सके। सांसद नवीन जैन ने कहा कि आगरा के चारों कोनों पर महादेव विराजमान हैं, जिसके चलते शहर में भगवान शिव और बाबा महाकाल के प्रति गहरी आस्था रखने वाले श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या है। आगरा से बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रत्येक माह उज्जैन स्थित बाबा महाकाल के दर्शन करने जाते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुगम एवं सुविधाजनक यात्रा को ध्यान में रखते हुए उन्होंने ग्वालियर से रतलाम के बीच संचालित ग्वालियर–रतलाम एक्सप्रेस को ग्वालियर के बजाय आगरा से संचालित किए जाने का सुझाव दिया। यह ट्रेन उज्जैन और इंदौर होते हुए रतलाम तक जाती है। सांसद ने कहा कि इस ट्रेन का आगरा से संचालन होने पर बाबा महाकाल के दर्शन के लिए उज्जैन जाने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर रेल सुविधा मिल सकेगी। साथ ही, इंदौर और रतलाम की ओर जाने वाले यात्रियों को भी आवागमन में सुविधा होगी। बैठक के दौरान सांसद नवीन जैन ने आगरा से उदयपुर के बीच संचालित वंदे भारत ट्रेन का मुद्दा उठाते हुए इसे दोबारा शुरू किए जाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि यह ट्रेन 15 फरवरी 2026 से बंद है। सांसद ने सुझाव दिया कि इस रेल सेवा को पुनः प्रारंभ किया जाए, जिससे आगरा और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को सुगम एवं सुविधाजनक रेल यात्रा का लाभ मिल सके। इस सेवा के दोबारा शुरू होने से आगरा और उदयपुर के बीच आवागमन करने वाले यात्रियों को राहत मिल सकती है तथा दोनों शहरों के बीच रेल संपर्क को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। इसके अतिरिक्त सांसद ने आगरा कैंट स्टेशन पर प्रमुख ट्रेनों के ठहराव, स्टेशन परिसर के विकास, पार्किंग, पेयजल, प्रतीक्षालय, दिव्यांग यात्रियों की सुविधाओं, साफ-सफाई और अन्य यात्री सुविधाओं से जुड़े विषय भी उठाए। आगरा में देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक और विभिन्न शहरों से यात्री आते-जाते हैं। ऐसे में स्टेशन पर बेहतर व्यवस्थाएं क्षेत्र की छवि और यात्रियों के अनुभव दोनों के लिए महत्वपूर्ण हैं। रेलवे की ओर से प्राप्त जवाबों में कुछ कार्यों के स्वीकृत होने, कुछ पर कार्रवाई प्रस्तावित होने तथा प्रमुख ट्रेनों के ठहराव से जुड़े प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भेजे जाने की जानकारी दी गई। बैठक के दौरान सांसद नवीन जैन ने चुटकी लेते हुए उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक से कहा कि हर साल प्रस्तावित होने वाली यह बैठक तीन साल में पहली बार आयोजित हुई है इसके लिए आपका बहुत-बहुत धन्यवाद। उनकी इस टिप्पणी ने ऐसी बैठकों को नियमित रूप से आयोजित किए जाने की आवश्यकता की ओर ध्यान आकर्षित किया ताकि जनप्रतिनिधि अपने क्षेत्र की रेल समस्याओं और यात्रियों की अपेक्षाओं को समय-समय पर रेलवे प्रशासन के समक्ष रख सकें।

सांसद ने स्पष्ट किया कि रेल सुविधाएं केवल यात्रा का साधन नहीं, बल्कि किसी क्षेत्र के विकास, व्यापार, पर्यटन और धार्मिक आवागमन से भी सीधे जुड़ी होती हैं। ऐसे में आगरा जैसे महत्वपूर्ण पर्यटन एवं धार्मिक केंद्र की रेल आवश्यकताओं पर विशेष ध्यान दिया जाना जरूरी है।

बैठक में केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एस. पी. सिंह बघेल, फतेहपुर सीकरी सांसद राजकुमार चाहर, इटावा सांसद जितेंद्र कुमार दोहरे, राज्यसभा सांसद तेजवीर सिंह, उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह, मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल सहित अन्य सांसद के प्रतिनिधि एवं रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

रिपोर्ट -अजीत कुमार कुशवाहा

Back to top button