सांसद नवीन जैन व उनके परिवार द्वारा 16 अर्ध्य विशेष शांतिधारा और जिनेंद्र भगवान की आराधना के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य दीर्घायु और राष्ट्रीय सेवा की की गई मंगलकामना

आगरा। देश और विश्व की शांति और राष्ट्रसेवा के संकल्प के साथ डी-ब्लॉक कमला नगर स्थित श्री महावीर दिगम्बर जैन मंदिर में आयोजित नौ दिवसीय विश्व शांति महायज्ञ एवं श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान का दूसरा दिन विशेष धार्मिक अनुष्ठानों, भक्तिभाव और आध्यात्मिक वातावरण के बीच संपन्न हुआ। पीएनसी परिवार, आगरा द्वारा राज्यसभा सांसद नवीन जैन के नेतृत्व में अष्टानिका महापर्व के पावन अवसर पर आयोजित इस विशेष धार्मिक अनुष्ठान का प्रमुख उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु तथा राष्ट्रसेवा के लिए उन्हें और अधिक शक्ति, ऊर्जा एवं सामर्थ्य प्राप्त होने की मंगलकामना करना है। साथ ही प्रभु श्री महावीर के अहिंसा, शांति और विश्व बंधुत्व के संदेश से देश एवं संपूर्ण विश्व में सुख, समृद्धि और सद्भावना का संचार होने की प्रार्थना की जा रही है।
बुधवार को प्रातःकाल पूज्य मुनि श्री समत्वसागर महाराज, मुनि श्री शीलसागर महाराज एवं मुनि श्री सुप्रभात सागर महाराज ससंघ के पावन सान्निध्य तथा प्रतिष्ठाचार्य डॉ. अभिषेक जैन एवं आकाश जैन शास्त्री के निर्देशन में श्री आदिनाथ भगवान का अभिषेक एवं विशेष शांतिधारा संपन्न हुई। इसके पश्चात विधान मंडल पर विधि-विधान के साथ अष्टद्रव्य अर्पित कर 16 अर्घ्य समर्पित किए गए। सांसद नवीन जैन ने अपनी धर्मपत्नी श्रीमती रेनू जैन के साथ सौधर्म इंद्र के रूप में धार्मिक क्रियाओं में सहभागिता की। महायज्ञनायक प्रदीप जैन एवं अन्य इंद्र-इंद्राणियों ने भी श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ विधान की धार्मिक क्रियाएं संपन्न कीं। इस दौरान देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और निरंतर राष्ट्रसेवा की कामना के साथ देश एवं विश्व में शांति, समृद्धि और सद्भाव स्थापित होने की प्रार्थना की गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश के सह प्रभारी अनंत ओझा मौजूद रहे, जिन्होंने राज्यसभा सांसद नवीन जैन के द्वारा उठाई गई सराहनीय अनूठी पहल की प्रशंसा की इस अवसर पर सांसद नवीन जैन ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत निरंतर प्रगति और विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। राष्ट्र की सेवा में उनका समर्पण, परिश्रम और संकल्प हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। इस धार्मिक अनुष्ठान के माध्यम से हम प्रभु से प्रार्थना कर रहे हैं कि प्रधानमंत्री स्वस्थ रहें, दीर्घायु हों और उन्हें राष्ट्रसेवा के लिए निरंतर ऊर्जा, शक्ति एवं सामर्थ्य प्राप्त होती रहे। उन्होंने कहा कि जैन धर्म के अहिंसा, अपरिग्रह, संयम और विश्व बंधुत्व के सिद्धांत केवल किसी एक समाज के लिए नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता के कल्याण का मार्ग हैं। आज जब विश्व अनेक प्रकार की चुनौतियों और अशांति से गुजर रहा है, तब भगवान महावीर के शांति और अहिंसा के संदेश को अपनाना और भी आवश्यक हो गया है। हमारी भावना है कि भारत शांति, सद्भाव और विकास के मार्ग पर निरंतर आगे बढ़े तथा पूरे विश्व में प्रेम और भाईचारे का संदेश पहुंचे। विधान के अवसर पर पीएनसी परिवार के मुखिया प्रदीप जैन, सांसद नवीन जैन, श्री चक्रेश जैन एवं योगेश जैन सहित पीएनसी परिवार के सदस्यों ने मुनिश्री की पुस्तक का विमोचन भी किया। शाम को भोपाल से आए भजन गायक लोकेश जैन एवं पार्टी ने भक्तिमय जैन भजनों की प्रस्तुतियां दीं, जिससे पूरा पंडाल भक्तिरस में सराबोर हो गया। रात्रि सात बजे श्रीजी की भव्य मंगल आरती की गई। दीपों की रोशनी, भक्ति संगीत और जय जिनेंद्र के जयघोष से आयोजन स्थल का वातावरण भक्तिमय हो उठा।
इस अवसर पर मुनि श्री समत्वसागर महाराज ने अपने प्रवचन में कहा कि जिस जीव की जैसी दृष्टि होती है वह वैसी ही सृष्टि का निर्माण करता है। मनुष्य के पास आज भौतिक सुख-सुविधाओं की कोई कमी नहीं है फिर भी उसके जीवन में वास्तविक प्रसन्नता का अभाव दिखाई देता है। इसका कारण है कि मनुष्य बाहरी उपलब्धियों में सुख खोजता है जबकि सच्चा सुख आत्मा की शुद्धता और आत्मबोध में निहित है। धर्म केवल पूजा-पाठ अथवा मंदिर जाने तक सीमित नहीं है, बल्कि धर्म का वास्तविक उद्देश्य मनुष्य के विचारों, व्यवहार और जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाना है। जब धर्म जीवन में उतरता है, तभी आत्मिक शांति और वास्तविक आनंद की अनुभूति होती है। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष बृज बहादुर व महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता तथा इस नौ दिवसीय धार्मिक आयोजन का कुशल संचालन प्रसिद्ध मंच संचालक मनोज जैन बाकलीवाल द्वारा किया गया। वैभव जैन, अनिरुद्ध जैन,अशिष जैन सहित पीएनसी परिवार के सदस्य, दिगंबर जैन परिषद के अध्यक्ष जगदीश प्रसाद जैन, मीडिया प्रभारी राहुल जैन एवं शुभम जैन, जैन समाज के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
रिपोर्ट। अजीत कुमार कुशवाहा

Back to top button