खबर शहर , Agra News: यूपीसीए के ट्रायल के लिए पंजीकरण शुरू, 30 तक मौका – INA

आगरा। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) के 2027-28 क्रिकेट सत्र के लिए खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका है। प्रदेशभर में होने वाले विभिन्न आयु वर्गों के ट्रायल की पंजीकरण प्रक्रिया 16 नवंबर से शुरू हो गई। इच्छुक खिलाड़ी 30 नवंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आगरा के खिलाड़ियों को भी इस प्रक्रिया में शामिल होने के लिए निर्धारित समय सीमा के भीतर पंजीकरण कराना होगा।
डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन (डीसीए) आगरा के अध्यक्ष सुनील जोशन ने बताया कि पंजीकरण की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन है। क्रिकेटर यूपीसीए के आधिकारिक पोर्टल https://registration.upca.tv/ पर जाकर स्वयं आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए 400 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है।
आवेदन करते समय खिलाड़ी को अपनी वर्तमान फोटो, आधार कार्ड और डिजिटल जन्म प्रमाणपत्र पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य होगा। पंजीकरण पूरा होने के बाद खिलाड़ी की आईडी पोर्टल से ही जनरेट हो जाएगी। एक मोबाइल नंबर से केवल एक खिलाड़ी का पंजीकरण किया जा सकेगा।