खबर शहर , Agra News: खेरिया-ईदगाह आरओबी पर जल्द ही बंद होगा आवागमन – INA

आगरा। शहर के व्यस्त खेरिया-ईदगाह रेलवे ओवरब्रिज की मरम्मत का काम जल्द ही शुरू होने वाला है। 1970 में बने इस पुराने पुल की हालत काफी समय से जर्जर है। रेलवे ने जिला प्रशासन से पुल को बंद करने की अनुमति मांगी है। मंजूरी मिलते ही इस पर यातायात रोक दिया जाएगा।
यह पुल अपनी मियाद पूरी कर चुका है। रेलवे के अनुसार, इस 56 साल पुराने आरओबी के स्टील गर्डर जंग खा चुके हैं और डेक स्लैब की कंक्रीट उखड़ने से सरिया बाहर निकल आए हैं। भारी वाहनों के लगातार दबाव के कारण यह पुल कमजोर हो चुका है। रेलवे मंडल के जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार गौतम ने बताया कि खतरे को भांपते हुए रेलवे ने इसके अपने हिस्से के दो जर्जर स्पैन बदलने का निर्णय लिया है, जिस पर करीब 10 करोड़ रुपये की लागत आएगी। इस काम को 15 जनवरी 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं, पुल के शेष सड़क संबंधी हिस्से और रोड के रखरखाव की जिम्मेदारी राज्य सरकार की होगी। रोड क्लोजर की अनुमति मिलने के बाद काम शुरू करने की आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।
यातायात के लिए तैयार किया प्लान
पुल बंद होने के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था न बिगड़े, इसके लिए प्रशासन ने खास प्लान तैयार किया है। रोजाना गुजरने वाले भारी वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया जाएगा। भारी वाहनों को मलपुरा-रोहता नहर और ग्वालियर रोड के रास्ते निकाला जाएगा। इस बदलाव से एमजी रोड, फतेहाबाद रोड, शमसाबाद रोड, आगरा कैंट और रूई की मंडी जाने वाले यात्रियों को अपने रूट में बदलाव करना पड़ सकता है। संजय कुमार गौतम ने बताया कि काम शुरू होने से पहले बारह खंभा मार्ग को सुचारु किया जाएगा ताकि स्थानीय नागरिकों को कम से कम असुविधा हो।
सफर सुरक्षित बनाने की पहल
इससे पहले भी वर्ष 2023 में इस मार्ग पर करीब 12.58 करोड़ रुपये खर्च कर मरम्मत कराई गई थी। अब पुल के स्पैन बदलने को जरूरी माना जा रहा था। अनुमति न मिलने के कारण दिसंबर 2025 और मार्च 2026 की योजनाएं टल चुकी थीं, अब इस दिशा में काम प्रगति पर है।