Tach – बिना फोन निकाले पूछें रास्ता और खीचें फोटो, जानें Samsung के नए AI चश्मों में क्या-क्या मिलेगा

सैमसंग ने Google के साथ मिलकर नए स्मार्ट चश्मे तैयार किए हैं, जिनमें Gemini AI असिस्टेंट का सपोर्ट मिलेगा. इनकी मदद से यूजर बिना फोन निकाले आसपास की चीजों के बारे में जानकारी ले सकेंगे, दूसरी भाषाओं में लिखे मेन्यू का अनुवाद कर सकेंगे और रास्ता भी पूछ सकेंगे. कंपनी इन्हें अमेरिका और दक्षिण कोरिया में 10 दिसंबर 2026 से बिक्री के लिए उपलब्ध कराएगी. इनके प्री-ऑर्डर 13 नवंबर से शुरू होंगे.
सैमसंग ने इस रेंज के डिजाइन के लिए फैशन ब्रांड Gentle Monster और Warby Parker के साथ साझेदारी की है. पूरी रेंज में 30 डिजाइन मिलेंगे, जिनमें अलग-अलग फ्रेम, कलर और लेंस के विकल्प होंगे. Gentle Monster ने मॉडर्न लुक वाले डिजाइन तैयार किए हैं, जबकि Warby Parker के चश्मे सामान्य फ्रेम जैसे दिखेंगे. कंपनी के मुताबिक, इनका वजन करीब 41 ग्राम है, ताकि इन्हें लंबे समय तक पहनने में परेशानी न हो.
Gemini AI से होंगे कई काम
इन चश्मों में Google Gemini वॉयस कमांड के जरिए काम करेगा. यूजर किसी बिल्डिंग या लैंडमार्क के बारे में सवाल पूछ सकते हैं . इसके अलावा रेस्टोरेंट के मेन्यू का अनुवाद और Google Maps से रास्ते की जानकारी भी ले सकते हैं.
मीटिंग के दौरान व्हाइटबोर्ड की फोटो खींचकर Gemini से उसका सारांश तैयार कराया जा सकता है. यह जानकारी सैमसंग Notes में सेव हो जाएगी. चश्मा नोटिफिकेशन पढ़कर सुना सकता है और मैसेज का जवाब देने के साथ हैंड्स-फ्री कॉलिंग में भी मदद करेगा.
12MP कैमरा और 9 घंटे की बैटरी
फोटोग्राफी के लिए इनमें 12 मेगापिक्सल का HDR कैमरा दिया गया है. इससे 30fps पर 3K वीडियो रिकॉर्ड किए जा सकेंगे. ऑडियो के लिए दो ओपन-ईयर स्पीकर और चार माइक्रोफोन मिलेंगे.
चश्मे में Qualcomm Snapdragon AR1 Gen 1 प्लेटफॉर्म के साथ 2GB RAM और 64GB स्टोरेज दी गई है. सैमसंग का दावा है कि एक बार चार्ज करने पर ये 9 घंटे तक चलेंगे. चार्जिंग केस के साथ कुल बैटरी लाइफ 72 घंटे तक होगी.
कीमत और प्राइवेसी फीचर्स
अमेरिका में Warby Parker मॉडल की शुरुआती कीमत 395 डॉलर होगी, जबकि Gentle Monster के चश्मों की कीमत 449 से 489 डॉलर के बीच होगी.
प्राइवेसी के लिए इनमें रिकॉर्डिंग के दौरान जलने वाला LED इंडिकेटर दिया गया है. यूजर ऐप परमिशन और Gemini एक्टिविटी भी कंट्रोल कर सकेंगे. सैमसंग के मुताबिक, Gemini से जुटाई गई विजुअल जानकारी का इस्तेमाल AI ट्रेनिंग या विज्ञापन के लिए नहीं होगा.
ये चश्मे चुनिंदा सैमसंग Galaxy फोन, Pixel 7 और नए मॉडल के साथ iPhone 13 और उसके बाद के आईफोन को सपोर्ट करेंगे. भारत में लॉन्च को लेकर अभी जानकारी नहीं दी गई है.
Source link