UP News: Aaj Ka Mausam: नोएडा में छाए बादल, लखनऊ सहित 20 जिलों में बारिश… कहीं ये ‘अर्नब’ का असर तो नहीं? जानें अगले 2 दिन का मौसम – INA

Aaj Ka Mausam: उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज अचानक बदल गया है. गुरुवार सुबह से ही कई जिलों में बादल छाए हुए हैं और हल्की से मध्यम बारिश हो रही है. लखनऊ में दोपहर बाद तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई, जबकि नोएडा और दिल्ली-NCR के दूसरे इलाकों में भी आसमान में घने बादल छाए रहे. अयोध्या, मेरठ, गाजियाबाद, गोरखपुर और वाराणसी समेत करीब 20 शहरों में बारिश दर्ज की गई है. मौसम विभाग ने प्रदेश के सभी 75 जिलों में बारिश, आंधी और बिजली गिरने की आशंका जताई है. इनमें 18 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. बेमौसम बारिश से जहां तापमान में गिरावट आई है, वहीं धान की फसल को नुकसान होने की चिंता भी बढ़ गई है.
चक्रवात ‘अर्नब’ के असर से बदला मौसम
प्रदेश में मौसम में आए इस बदलाव के बीच चक्रवाती तूफान अर्नब का जिक्र किया जा रहा है. इसके असर से कई इलाकों में बादल छाने, तेज हवाएं चलने और बारिश होने की खबरें सामने आई हैं. गुरुवार सुबह से ही पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में मौसम बदला हुआ है. दोपहर होते-होते लखनऊ समेत कई इलाकों में बादल छा गए और बारिश शुरू हो गई.
ये भी पढ़ें- दिल्ली-NCR में बारिश और तेज हवाओं से बदला मौसम, UP-बिहार से लेकर बंगाल तक अर्नब की दहशत जानें हिमाचल-उत्तराखंड समेत 21 राज्यों का हाल
कौशांबी में सुबह से तेज हवाएं चलने के साथ हल्की बूंदाबांदी हुई. दोपहर दो बजे के बाद आसमान में बादल छाए रहे और धूप नहीं निकली. मौसम में बदलाव के कारण यहां तापमान में करीब 6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई. इससे लोगों को गर्मी से राहत मिली और ठंडक महसूस होने लगी. जालौन में भी गुरुवार को अचानक मौसम बदल गया. जिले के कई इलाकों में बारिश हुई और आसमान में बादल छाए रहे. बारिश के बाद तापमान में गिरावट आई है। हालांकि, इस बदलाव ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है.
लखनऊ, अयोध्या और गाजियाबाद समेत 20 जिलों में बारिश
लखनऊ में गुरुवार दोपहर बाद बादल छाने के साथ तेज हवाएं चलीं और बारिश शुरू हो गई. वहीं, सुबह से अयोध्या, मेरठ, गाजियाबाद, गोरखपुर और वाराणसी समेत करीब 20 शहरों में हल्की बारिश हुई. बलिया में भी कुछ देर तक तेज बारिश हुई. गाजियाबाद में सुबह हल्की बूंदाबांदी के बाद मौसम बदल गया. यहां न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान करीब 26 डिग्री सेल्सियस रहा.
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले दो दिनों तक आसमान में बादल छाए रहने और बारिश होने की संभावना है. नोएडा में भी आसमान में बादल छाए हुए हैं. दिल्ली-NCR में सुबह और दोपहर के समय मौसम का मिजाज बदला नजर आया. मौसम विभाग ने आंधी, तेज हवाओं और बारिश की आशंका जताते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.
सहारनपुर में मस्जिद की मीनार पर गिरी बिजली
सहारनपुर के गंगोह कस्बे में गुरुवार सुबह आकाशीय बिजली गिरने की घटना सामने आई. मोहल्ला गुजरान स्थित बड़ी मस्जिद की मीनार पर बिजली गिरने से उसका एक हिस्सा टूटकर कई फीट दूर जा गिरा. तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग घबरा गए और अपने घरों से बाहर निकल आए. बिजली गिरने से मस्जिद के साथ आसपास के कुछ घरों को भी नुकसान होने की जानकारी सामने आई है. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
18 जिलों में भारी बारिश की आशंका
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों के लिए बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है. इनमें 18 जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है. बाकी जिलों में हल्की बारिश के साथ तेज हवाएं चलने, आंधी आने और बिजली गिरने का अनुमान है. प्रतापगढ़ में पुलिस माइक से अनाउंसमेंट कर लोगों से खराब मौसम के दौरान घरों के अंदर रहने की अपील कर रही है. प्रशासन की ओर से लोगों को सतर्क रहने और मौसम की स्थिति पर नजर बनाए रखने की सलाह दी जा रही है. सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी मौसम में बदलाव और चक्रवात के संभावित असर को देखते हुए प्रदेश के अधिकारियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं. ऐसे में संबंधित विभागों को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया है.
बारिश से किसानों की बढ़ी चिंता
बेमौसम बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है. प्रदेश के कई इलाकों में धान की फसल तैयार होने के दौर में है. ऐसे में बारिश और तेज हवाओं के कारण फसल को नुकसान पहुंचने की आशंका है. खेतों में पानी भरने और तेज हवा चलने से फसल गिर सकती है, जिससे किसानों को नुकसान उठाना पड़ सकता है. कौशांबी और जालौन समेत कई जिलों में मौसम बदलने के बाद किसान फसल की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं. बारिश कितनी देर तक जारी रहती है और उसका असर किन इलाकों में ज्यादा होता है, यह आने वाले समय में साफ होगा.
दिल्ली-NCR में बारिश से प्रदूषण से मिलेगी राहत?
दिल्ली, नोएडा और आसपास के इलाकों में बारिश के बावजूद वायु प्रदूषण का स्तर खराब बना हुआ है. आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली के मुंडका इलाके में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 344 दर्ज किया गया, जो बेहद खराब श्रेणी में आता है. नजफगढ़ में 243, नांगलोई में 260 और द्वारका में 270 AQI दर्ज किया गया. नोएडा में भी प्रदूषण से राहत नहीं मिली है. सेक्टर-62 में AQI 276, सेक्टर-125 में 267 और सेक्टर-110 में 259 दर्ज किया गया. हालांकि अगर अच्छी बारिश होती है तो हवा में मौजूद धूल और प्रदूषण के कुछ कण नीचे बैठ सकते हैं. इससे वायु गुणवत्ता में अस्थायी सुधार होने की उम्मीद है.
30-31 अक्टूबर को कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली-NCR के मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक, शुक्रवार को भी आंधी और बारिश का दौर जारी रह सकता है. इस दौरान अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. 31 अक्टूबर से मौसम में सुधार होने की संभावना है. आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रह सकता है और तापमान 29 डिग्री तक पहुंच सकता है. वहीं 1 और 2 नवंबर को आसमान मुख्य रूप से साफ रहने या हल्के बादल छाए रहने का अनुमान है. इस दौरान अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 से 19 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है.
Aaj Ka Mausam: नोएडा में छाए बादल, लखनऊ सहित 20 जिलों में बारिश… कहीं ये ‘अर्नब’ का असर तो नहीं? जानें अगले 2 दिन का मौसम
Copyright Disclaimer :-Under Section 107 of the Copyright Act 1976, allowance is made for “fair use” for purposes such as criticism, comment, news reporting, teaching, scholarship, and research. Fair use is a use permitted by copyright statute that might otherwise be infringing., educational or personal use tips the balance in favor of fair use.
Credit By :-This post was first published on https://www.tv9hindi.com/, we have published it via RSS feed courtesy of Source link,