UP News: कानपुर में बीएड प्रवेश परीक्षा के दौरान हादसा, स्लैब धंसने से कई अभ्यर्थी घायल – INA

Kanpur News: उत्तर प्रदेश में कानपुर के मकराबर्टगंज इलाके में रविवार को यूपी बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा के दौरान एक बड़ा हादसा सामने आया. यहां स्थित प्रो. एचएन मिश्रा पीजी कॉलेज परीक्षा केंद्र के बाहर अचानक नाले की स्लैब धंसने से कई परीक्षार्थी नाले में गिर गए. इस अप्रत्याशित घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई. घटना में चार परीक्षार्थियों को मामूली चोटें आई हैं.
बताया जा रहा है कि पहली पाली की परीक्षा शुरू होने से पहले कुछ अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र के पास स्थित एक दुकान पर फोटोकॉपी कराने गए थे. इसी दौरान दुकान के सामने नाले पर रखी कंक्रीट की स्लैब अचानक भार न सह पाने के कारण टूटकर धंस गई, जिससे वहां खड़े अभ्यर्थी सीधे नाले में जा गिरे. स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और सभी परीक्षार्थियों को सुरक्षित बाहर निकाला. राहत की बात यह रही कि नाले से निकलने के बाद अभ्यर्थियों ने आनन-फानन में स्नान किया और समय पर परीक्षा कक्ष में पहुंचकर अपनी परीक्षा दी.
परीक्षा केंद्रों पर उमड़ी थी भीड़
दूसरी ओर, जिले के 19 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पहली पाली की परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई. इस बार छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (CSJMU) कैंपस के भीतर ही नौ परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. परीक्षा को लेकर सुबह से ही विश्वविद्यालय परिसर में अभ्यर्थियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी थी. प्रशासन द्वारा सुरक्षा और शुचिता को लेकर इस बार बेहद सख्त रुख अपनाया गया. केंद्रों के भीतर अभ्यर्थियों को घड़ी, मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर या अन्य कोई भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने की अनुमति नहीं दी गई. मुख्य गेट पर ही सभी की घड़ियां और प्रतिबंधित सामान उतरवा लिए गए.
चेकिंग के लिए लगी लंबी-लंबी लाइन
परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों को कई स्तर की सुरक्षा जांच (मल्टी-लेयर चेकिंग) से गुजरना पड़ा. सबसे पहले सभी का बायोमैट्रिक मिलान किया गया. इसके बाद पुलिस और विश्वविद्यालय के आला अधिकारियों ने अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड) और पहचान पत्र से उनके चेहरे का बारीकी से मिलान किया. लंबी लाइनों में खड़े परीक्षार्थियों की सघन तलाशी के बाद ही उन्हें कक्षाओं में प्रवेश दिया गया. पहली पाली के दौरान सीएसजेएमयू के रजिस्ट्रार राकेश मिश्रा और डॉ. दिवाकर अवस्थी सहित अन्य अधिकारियों ने विभिन्न केंद्रों का औचक निरीक्षण किया और कक्षाओं में जाकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया.
कितने अभ्यर्थियों ने लिया भाग?
इस वर्ष दो पालियों में आयोजित हो रही इस परीक्षा में कुल 9,168 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं. पहली पाली की परीक्षा सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित की गई, जबकि दूसरी पाली का समय दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित था. परीक्षा देकर बाहर निकले अभ्यर्थियों ने अपनी प्रतिक्रिया में बताया कि इस बार प्रथम प्रश्नपत्र में सामान्य ज्ञान (General Knowledge) के सवाल काफी कठिन और उलझाने वाले रहे, जिसने उनकी कड़ी परीक्षा ली. कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों पर भारी पुलिस बल तैनात रहा.
कानपुर में बीएड प्रवेश परीक्षा के दौरान हादसा, स्लैब धंसने से कई अभ्यर्थी घायल
Copyright Disclaimer :-Under Section 107 of the Copyright Act 1976, allowance is made for “fair use” for purposes such as criticism, comment, news reporting, teaching, scholarship, and research. Fair use is a use permitted by copyright statute that might otherwise be infringing., educational or personal use tips the balance in favor of fair use.
Credit By :-This post was first published on https://www.tv9hindi.com/, we have published it via RSS feed courtesy of Source link,




