वर्ल्ड अपडेट्स:फ्रांस ने इलॉन मस्क को पुछताछ के लिए बुलाया, X पर डीपफेक कंटेंट फैलाने का आरोप- INA NEWS

फ्रांस की जांच एजेंसियों ने इलॉन मस्क को पेरिस में पूछताछ के लिए बुलाया है। यह मामला उनकी कंपनी X (पहले ट्विटर) पर चाइल्ड एब्यूज और डीपफेक कंटेंट फैलने के आरोपों से जुड़ा है। यह जांच जनवरी 2025 में शुरू हुई थी। शुरुआत में आरोप था कि X का एल्गोरिद्म फ्रांस की राजनीति को प्रभावित करने के लिए इस्तेमाल हो सकता है। बाद में जांच का दायरा बढ़ाकर X के AI चैटबॉट ‘ग्रोक’ को भी शामिल किया गया। X के AI चैटबॉट पर महिलाओं और बच्चों की आपत्तिजनक तस्वीरें बनाने का आरोप है। इसी केस में पूर्व CEO लिंडा याकारिनो और कुछ कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा रही है। साथ ही ब्रिटेन और EU में भी जांच शुरू हो गई है। फ्रांस ने पहले भी मस्क को इसी मामले में बुलाया था। उस समय X के दफ्तरों की तलाशी भी ली गई थी। हालांकि कंपनी ने सभी आरोपों को खारिज किया है। अंतरराष्ट्रीय मामलों से जुड़ी ये खबरें भी पढ़ें… जापान में 7.4 तीव्रता का भूकंप, 3 मीटर तक सुनामी लहरे आने की आशंका जापान में सोमवार को 7.4 रिक्टर तीव्रता का भूकंप आया। जिसके बाद तटीय क्षेत्रों में सुनामी चेतावनी जारी कर दी गई है। जापान मौसम एजेंसी के मुताबिक, इवाते प्रांत और होक्काइडो के कुछ हिस्सों में 3 मीटर तक ऊंची लहरें पहुंचने की आशंका है। अधिकारियों ने लोगों से तुरंत ऊंचे इलाकों में जाने और तट तथा नदियों से दूर रहने की अपील की है। राहत और आपात सेवाएं हालात पर नजर बनाए हुए हैं और संभावित नुकसान का आकलन किया जा रहा है। जापान भूकंप के लिहाज से दुनिया के सबसे सक्रिय देशों में से एक है। हर साल जापान में हजारों झटके दर्ज होते हैं। यह देश चार प्रमुख टेक्टोनिक प्लेटों के संगम पर स्थित है, जिसके कारण यहां भूकंपीय गतिविधियां आम हैं। कनाडा के प्रधानमंत्री ने कहा- अमेरिका से करीबी रिश्ते अब कमजोरी बने कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने कहा है कि अमेरिका के साथ करीबी रिश्ते अब उनके देश के लिए कमजोरी बन रहे हैं। उन्होंने रविवार को सोशल मीडिया पर 10 मिनट का एक वीडियो जारी किया। इसमें कार्नी ने कहा कि अमेरिका ने व्यापार नीति में बड़ा बदलाव किया है और टैरिफ को ग्रेट डिप्रेशन जैसे स्तर तक बढ़ाया है। उन्होंने चेतावनी दी कि दुनिया पहले से ज्यादा खतरनाक और बंट गई है इसलिए कनाडा को अपनी नीतियां बदलनी होंगी। उन्होंने कहा कि अमेरिका के साथ रिश्ते अब पहले जैसे नहीं रहेंगे इसलिए इस भ्रम से बाहर निकलना जरूरी है। कनाडा को नए देशों के साथ व्यापार बढ़ाना होगा। इसी दिशा में भारत के साथ CEPA ट्रेड समझौते पर बातचीत आगे बढ़ रही है। मार्च में उन्होंने पीएम मोदी से मुलाकात की थी और इस साल के अंत तक डील पूरी होने की उम्मीद है।

Source link
यह पोस्ट सबसे पहले भस्कर डॉट कोम पर प्रकाशित हुआ हमने भस्कर डॉट कोम के सोंजन्य से आरएसएस फीड से इसको रिपब्लिश करा है |

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button