150 करोड़ से बनेगा दिल्ली पर्यटन विभाग का नया मुख्यालय:1989 से चल रहे मशहूर कॉफी होम के पास खाली जगह पर बनेगी 12 मंजिला इमारत- INA NEWS

दिल्ली के कनॉट प्लेस में दिल्ली पर्यटन विभाग का नया मुख्यालय बनाया जाएगा। बाबा खड़क सिंह मार्ग पर 1989 से संचालित मशहूर कॉफी होम के पास खाली जगह पर 150 करोड़ रुपए की लागत से नई इमारत बनाने की योजना है। अधिकारियों के मुताबिक, निर्माण से कॉफी होम प्रभावित नहीं होगा और यह पहले की तरह अपनी मौजूदा जगह पर संचालित होता रहेगा। पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा के अनुसार, नए मुख्यालय में सभी आधुनिक सुविधाएं रहेंगी। आर्किटेक्ट कंसल्टेंट नियुक्त करने को टेंडर जारी किया नई इमारत का इस्तेमाल दिल्ली पर्यटन एवं परिवहन विकास निगम के कर्मचारियों के कार्यालय और जरूरी सुविधाओं के लिए किया जाएगा। निगम के अनुसार, मौजूदा कार्यालय में पर्याप्त जगह नहीं है। प्रस्तावित भवन का प्लिंथ एरिया करीब 17 हजार से 17,500 वर्ग मीटर होगा। इसमें दो बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर और 12 मंजिलें बनाने की योजना है। अंतिम डिजाइन नियमों और संबंधित विभागों की मंजूरी के आधार पर तय होगा। निगम ने परियोजना के लिए आर्किटेक्ट कंसल्टेंट नियुक्त करने को टेंडर जारी किया है। कंसल्टेंट सर्वे, डिजाइन और डीपीआर तैयार करेगा। इसमें निर्माण लागत, बिजली, अग्नि सुरक्षा, लिफ्ट, पानी प्रबंधन, पार्किंग और लैंडस्केपिंग की योजना भी शामिल होगी। 16 नवंबर को प्री-बिड बैठक होगी और 25 नवंबर तक आवेदन जमा किए जा सकेंगे। तकनीकी बोलियां भी इसी दिन खुलेंगी। चयनित कंसल्टेंट का प्रेजेंटेशन 1 दिसंबर को होगा। कॉफी होम कनॉट प्लेस आने वाले लोगों, खासकर नौकरीपेशा और स्थानीय निवासियों के बीच लोकप्रिय है। यहां फिल्टर कॉफी, मसाला डोसा, उत्तपम और सांभर वड़ा जैसे व्यंजन मिलते हैं।
Source link
यह पोस्ट सबसे पहले भस्कर डॉट कोम पर प्रकाशित हुआ हमने भस्कर डॉट कोम के सोंजन्य से आरएसएस फीड से इसको रिपब्लिश करा है |