खबर शहर , कासगंज में चोरों का आतंक: एक रात में तीन घरों में लगा दी सेंध, दीवार काटकर घुसे; जेवरात और नकदी ले गए चोर – INA

कासगंज के सदर कोतवाली के गांव नौरथा में रविवार रात अज्ञात चोरों ने एक साथ तीन मकानों को निशाना बनाते हुए चोरी की वारदात को अंजाम दिया। गांव के किनारे पर खेतों के पास स्थित तीन मकानों में दीवार काट कर चोर लाखों के जेवरात और नकदी ले गए। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में खलबली मच गई। पुलिस बल, फील्ड यूनिट, डॉग स्क्वायड व ड्रोन टीम मौके पर पहुंच गईं।

जांच के दौरान सामने आया कि रेशमा पत्नी स्वर्गीय रामनरेश अपनी पुत्री रवीना के साथ रविवार रात घर के बरामदे में सो रही थीं। चोर खेत की तरफ से मकान की कच्ची दीवार में नकब लगाकर अंदर घुस आए। कमरे में रखे बक्से को खंगालते हुए दो जोड़ी पायल, एक जोड़ी कुंडल, एक नाक की बेसर, एक कमरधनी और दो मोबाइल फोन चोरी कर लिए।

इसके बाद चोरों ने पास में ही स्थित दो अन्य बंद मकानों की दीवार फांदकर वहां भी हाथ साफ किया। इनमें से एक मकान पातीराम का है, जो लंबे समय से पंजाब में मजदूरी कर रहे हैं। वहीं दूसरा मकान इंद्रपाल का है, जो बीते 1 सितंबर से लखनऊ में हैं।  एकसाथ तीन मकान में चोरी की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने घटनास्थल की जांच की। 

फील्ड यूनिट ने मौके से आवश्यक वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए, जबकि डॉग स्क्वायड की मदद से चोरों के भागने की दिशा का पता लगाने का प्रयास किया गया। आसपास के खेतों और संभावित ठिकानों पर चोरों की तलाश के लिए ड्रोन कैमरे से सर्च अभियान चलाया जा रहा है। कोतवाली प्रभारी जगदीश चंद्र का कहना है कि पीड़ितों की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का खुलासा किया जाएगा।

 


Credit By Amar Ujala

Back to top button